Ayodhya Rape Case: अपमान के बदले खौफनाक मौत…गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने उगले कई राज

Dalit Girl rape case, Ayodhya
Source: Google

Ayodhya Dalit Girl Rape Case:  हाल ही में उत्तरप्रदेश के अयोध्या से मानवता को शर्मशार करने वाली खबर सामने आई है। अयोध्या में सहनवां गांव में 22 वर्षीय दलित युवती का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई है। वही पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

और पढ़े : Khairlanji Massacre: जातिवादी हिंसा का भयावह सच, जो आज भी झकझोरता है

दलित युवती से दुष्कर्म

दलित महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल भारत में हर दिन 10 दलित महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। महिलाओं के खिलाफ हिंसा के सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश में हैं और इसके साथ ही लड़कियों के खिलाफ यौन हिंसा के मामलों में भी यह राज्य सबसे आगे है। अब उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 साल की दलित लड़की का नग्न शव उसके गांव के पास सुनसान नहर में मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

अयोध्या के सहनवां गांव में दलित युवती से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान हरि राम कोरी, विजय साहू और दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पीड़िता के गांव के ही रहने वाले हैं। आरोपी एक साथ मकान की पेंटिंग का काम किया करते थे। इनमें मुख्य आरोपी बाबा पार्ट टाइम चौकीदारी भी करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शराब के नशे में युवती से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। एसएसपी राज करण नय्यर ने बताया कि 31 जनवरी को शिकायत मिलते ही दो टीमें गठित की गईं। जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। हम कोर्ट जाकर उनकी रिमांड लेंगे।

और पढ़े : Ayodhya Rape case: दलित बेटी के साथ बलात्कार और हत्या, इंसाफ की गुहार

आपसी रंजिश के चलते हत्या

जानकारी के मुताबिक, आरोपी बाबा का पीड़िता के घर आना-जाना था। पीड़िता के भाई को यह बात पसंद नहीं थी, क्योंकि पूरे गांव में उसकी छवि खराब थी। एक दिन उसने आरोपी की पिटाई कर दी और उसे घर से निकाल दिया। तभी से वह नाराज था। वह उनसे बदला लेने का मौका तलाश रहा था। घटना वाले दिन पीड़िता कथा सुनकर घर लौट रही थी। उस वक्त बाबा अपने दोस्तों के साथ एक स्कूल के पास शराब पी रहा था।

पीड़िता को देखते ही तीनों ने उसे घेर लिया। वे उसके साथ मारपीट और जबरदस्ती करने लगे। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी और उसके हाथ-पैर बांधकर उसे नाले में फेंक दिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। इस बीच पीड़िता का परिवार उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की तलाश शुरू कर दी। अगले दिन पीड़िता का नग्न शव मिला। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

थाना कोतवाली अयोध्या के चौकी दर्शन नगर क्षेत्र में एक युवती की हत्या करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए #ayodhyapolice द्वारा 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर की जा रही कार्यवाही के सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद अयोध्या की बाईट। pic.twitter.com/2wN5sZgfCI

— AYODHYA POLICE (@ayodhya_police) February 3, 2025

पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी

इस मामले में पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब चार बजे चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन रविवार दोपहर तक पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा करने से बचते रहे। हास्यास्पद है कि इतने हाई प्रोफाइल मामले में भी पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी नहीं थी। हालांकि सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में युवती के साथ की गई दरिंदगी साफ दिख रही थी। उसकी दोनों तरफ की पसलियां टूटी मिली थीं। उसके निजी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हुई थी।

दरिंदों ने उसके शरीर को बुरी तरह से नोचा था। उसके विभिन्न अंगों पर 30 से अधिक घाव व खरोंच के निशान मिले हैं। रक्तस्राव व निजी अंगों की स्थिति देखकर विशेषज्ञों ने घटना में दो या इससे अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया है। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है। चार-पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव की स्थिति देखकर अभी दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *